
शायकवाणी संवाददाता
देहरादून। सीमाद्वार वार्ड 40 में स्थापित शहीद सुंदर सिंह नेगी स्मृति द्वार ने इस क्षेत्र को विशेष पहचान दी है। अब क्षेत्रीय पार्षद विनोद रावत ने अपनी निधि से स्मृति द्वार का सौंदर्यीकरण कराया है। स्मृति द्वार के दोनों ओर टाइल्स और रैलिंग लगा दी गई है। इससे अब यह स्थल खास आकर्षण का केंद्र बन गया है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर एवं शहीद सुंदर सिंह नेगी की पत्नी दर्शनी देवी ने स्मृति द्वार के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। क्षेत्रीय विधायक ने पार्षद विनोद रावत की सेवा भावना की सराहना की। इससे पूर्व उन्होंने ध्वजारोहण कर सभी क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
गौरव सेनानी संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने स्मृति द्वार के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए पार्षद विनोद रावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्षद रावत आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।



