
हल्द्वानी/विकासनगर: नैनीताल जिले के काठगोदाम और देहरादून के विकासनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है. नैनीताल जिले में जहां पुलिस ने 27 लाख रुपए की स्मैक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है, वहीं देहरादून जिले में एक महिला और पुरुषों को स्मैक के साथ पकड़ा है.
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि काठगोदाम थाना पुलिस को सुचना मिली थी कि क्षेत्र में नशे की खेप की सप्लाई होने जा रही है. इस सूचना के आधार पर ही पुलिस टीम का गठन किया गया और क्षेत्र में वन विभाग के जू डम्पिंग जोन बागजाला के पास चेकिंग अभियान शुरू किया गया.
चेकिंग के दौरान पुलिस को दो युवक आते हुए दिखाए दिए, जो उन्हें कुछ संदिग्ध लगे. पुलिस ने जब युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली तो उनके पास से करीब 91.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 27 लाख रुपए बताई जा रही है.
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आनंद सिंह रावत और रोहित थापा के रूप में हुई है. आनंद सिंह रावत के पास से 68.35 ग्राम और रोहित थापा के पास से 22.75 ग्राम स्मैक बरामद की गई. इस मामले में थाना काठगोदाम पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. .
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक को उधम सिंह नगर के शक्तिफार्म सितारगंज निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर हल्द्वानी में बेचते थे. पुलिस अब इस सप्लायर की तलाश में जुट गई है. मुख्य आरोपी आनंद सिंह रावत के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं.
थाना विकासनगर पुलिस ने 22 मार्च रात को कसाई मौहल्ला कुंजाग्रांट से रूखसाना उम्र 50 साल पत्नी स्वं मोहम्मद सलीम निवासी कुंजाग्रांट कोतवाली विकासनगर को 14.58 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है.
चौकी प्रभारी कुल्हाल विवेक भंडारी ने बताया कि स्मैक तस्कर महिला पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट मे जेल जा चुकी है. महिला द्वारा यह भी बताया गया कि वह मजदूरी करती है, जिससे घर का खर्चा नहीं चल पाता. इसी कारण से स्मैक बेचने का काम करती है, वो चलते फिरते लोगों को स्मैक बेचती है.
वहीं सहसपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र में भी आकस्मिक चैकिंग के दौरान होरावाला रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास से एक तस्कर राकिब उम्र 32 साल निवासी रेडापुर ढाकी सहसपुर से करीब 6.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद होने पर गिरफ्तार किया गया.



