उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

Breaking News: देहरादून: ओवरटेकिंग विवाद में चली गोली, मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की मौत

देहरादून, 30 मार्च। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां ओवरटेकिंग को लेकर दो कार सवारों के बीच हुआ विवाद जानलेवा साबित हो गया। इस दौरान चली गोली की चपेट में आकर मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड स्थित मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N कार सवारों के बीच वाहन को पास देने को लेकर विवाद हो गया था।

विवाद इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसे रोकने की कोशिश की और उसके टायरों पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक गोली सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में सवार लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।

घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतक व्यक्ति को गोली दुर्घटनावश लगी थी, जबकि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button