अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में 30 लाख की जमीन ठगी का खुलासा, 20 हजार का इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी गिरफ्तार

देहरादून: दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भूमि धोखाधड़ी के मामले में 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी और उसके साथी अजय सजवाण को गिरफ्तार किया है। दोनों पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरे की जमीन बेचकर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।

लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पेरिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि आरोपियों ने ग्राम सौंडा सरोली स्थित भूमि को अपनी पहचान के लोगों की बताकर पीड़ित से बयाने के रूप में 30 लाख रुपये लिए थे। जांच में सामने आया कि भूमि के वास्तविक मालिकों ने आरोपियों को कोई अधिकार नहीं दिया था और सौदे के लिए तैयार किए गए दस्तावेज भी फर्जी थे।

मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसे 21 मई को डालनवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

फौजियों और प्रवासियों को बनाता था निशाना

एसएसपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रदीप सकलानी पहाड़ के भोले-भाले लोगों, विशेषकर फौजियों और अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था।

27 से अधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ देहरादून के विभिन्न थानों में भूमि धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा एनआई एक्ट के भी कई मामले विभिन्न न्यायालयों में लंबित हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button