
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का करीब ढाई साल बाद होने वाला उत्तराखंड दौरा गुरुवार को खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। राहुल गांधी प्राइवेट हेलिकॉप्टर से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंच गए थे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण न तो वह अल्मोड़ा पहुंच सके और न ही पौड़ी जा पाए। इसके बाद उन्होंने पंतनगर से ही अल्मोड़ा की जनसभा को फोन पर संबोधित किया और बाद में दिल्ली लौट गए।
अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में राहुल गांधी की जनसभा के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक जुटे थे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार रैली में करीब 30 हजार लोगों के पहुंचने की तैयारी थी, लेकिन राहुल के कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाने के कारण कई लोग उनके फोन पर दिए जा रहे संबोधन के दौरान ही वापस लौटने लगे। मंच पर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे।
दौरा रद्द होने के बाद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्हें उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों, राज्य के भविष्य और लोगों के सामने मौजूद चुनौतियों पर बात करनी थी। उन्होंने कहा कि पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ बैठक और कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का कार्यक्रम भी तय था, लेकिन खराब मौसम के कारण यह संभव नहीं हो पाया। राहुल ने कहा कि प्रकृति के आगे सभी विनम्र हैं और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।



