
देहरादून: Indian Military Academy में शनिवार को आयोजित होने वाली भव्य पासिंग आउट परेड (POP) के साथ भारतीय सेना को 481 नए युवा सैन्य अधिकारी मिल जाएंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत की राष्ट्रपति Droupadi Murmu मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और परेड की सलामी लेंगी।
आईएमए के ऐतिहासिक ड्रिल स्क्वायर पर कुल 515 कैडेट अंतिम पग भरकर अपने सैन्य जीवन की नई शुरुआत करेंगे। कई वर्षों के कठिन शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण, अनुशासन तथा चुनौतियों को पार करने के बाद ये कैडेट अब देश सेवा के लिए तैयार हैं।
पासिंग आउट परेड के बाद 481 भारतीय कैडेट भारतीय सेना की विभिन्न शाखाओं में अधिकारी के रूप में नियुक्त होंगे। ये युवा अधिकारी देश की सुरक्षा और सैन्य अभियानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे। इस वर्ष की पासिंग आउट परेड कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रही है। आईएमए के इतिहास में पहली बार महिला कैडेट्स पुरुष कैडेट्स के साथ कदमताल करती नजर आएंगी।
एनडीए के पहले महिला बैच की बड़ी उपलब्धि
National Defence Academy में अगस्त 2022 में महिला कैडेट्स के पहले बैच ने प्रवेश लिया था। तीन वर्षों के कठिन प्रशिक्षण के बाद मई 2025 में 18 महिला कैडेट्स स्नातक हुईं, जिनमें से 9 कैडेट्स ने भारतीय सेना में सेवा का विकल्प चुना।
वर्तमान में वे आईएमए में अंतिम सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर चुकी हैं और सेना में शामिल होने के लिए तैयार हैं। इस बार की परेड में भारतीय कैडेट्स के साथ-साथ 16 मित्र देशों के 34 विदेशी ऑफिसर कैडेट भी पास आउट होंगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये कैडेट अपने-अपने देशों की सेनाओं में अधिकारी के रूप में सेवा देंगे।
भारत से मजबूत होंगे सैन्य और राजनयिक संबंध
आईएमए प्रशासन के अनुसार विदेशी कैडेट्स ने यहां सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ भारत की संस्कृति और मूल्यों को भी करीब से जाना है। यह प्रशिक्षण भविष्य में भारत और मित्र देशों के बीच सैन्य एवं राजनयिक संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए Dehradun और आईएमए परिसर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। अकादमी के भीतर सुरक्षा की जिम्मेदारी सेना के जवानों के पास है, जबकि बाहरी सुरक्षा व्यवस्था दून पुलिस संभाल रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
पासिंग आउट परेड 2026: मुख्य आंकड़े
कुल पास आउट होने वाले कैडेट :- 515
भारतीय कैडेट :- 481
महिला कैडेट (सेना विंग) :- 09
विदेशी कैडेट :- 34
मित्र देशों की संख्या :- 16



