उत्तराखंडदेहरादून

शिक्षा निदेशक मारपीट मामले में भाजपा सख्त, विधायक काऊ से मांगा जाएगा जवाब

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ मारपीट की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह मामले में आरोपित विधायक उमेश शर्मा काऊ से जवाब तलब करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया है। उन्होंने शिक्षा विभाग के सभी कार्मिकों से संयम बरतने की अपील भी की है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी किसी भी प्रकार की अराजकता और हिंसा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को उठाना जनप्रतिनिधि का दायित्व है, लेकिन कानून का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी शीघ्र ही रायपुर क्षेत्र के विधायक से पूरे घटनाक्रम पर स्पष्टीकरण मांगेगी। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कानून अपना कार्य करेगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पार्टी संगठन भी अनुशासन और कानून व्यवस्था के पक्ष में खड़ा है। प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा विभाग के कर्मियों से भी संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय बोर्ड परीक्षाओं का है और किसी भी विवाद का असर छात्रों के भविष्य पर नहीं पड़ना चाहिए।

शिक्षक समुदाय को धैर्य रखते हुए परीक्षाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि पार्टी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की पक्षधर है, ताकि शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button