उत्तराखंड

उत्तराखंड में मानसून की विदाई. अब ऐसा रहेगा मौसम का हाल

उत्तराखंड से दक्षिण-पश्चिम मानसून अब रुखसत लेने को तैयार है। अगले तीन दिनों में राज्य के शेष हिस्सों से भी मानसून पूरी तरह विदा ले लेगा। हरिद्वार सहित कई मैदानी जिलों से मानसून पहले ही लौट चुका है, जबकि शेष पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में भी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ गया है।

हालांकि, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। राजधानी देहरादून में भी दिनभर बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है।

तापमान में लगातार इजाफा, उमस ने किया बेहाल

बारिश के थमते ही राज्य में गर्मी ने एक बार फिर से लोगों की परीक्षा लेना शुरू कर दी है। देहरादून में अधिकतम तापमान 33.8°C और न्यूनतम तापमान 23.4°C रिकॉर्ड किया गया। पिछले तीन दिनों से दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा रही है। इससे प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 सितंबर तक पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश के आसार जरूर हैं, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में अब दिन में गर्मी और ज्यादा तंग करेगी। हालांकि, बीच-बीच में चल रही ठंडी हवाएं कुछ राहत जरूर देती हैं।

सीमांत जिलों के लिए खुशखबरी: पिथौरागढ़ से हेली सेवा शुरू

मानसून के बादल छंटते ही सीमावर्ती इलाकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 1 अक्टूबर से पिथौरागढ़ से मुनस्यारी और धारचूला के लिए हेली सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। इस सेवा का संचालन हेरिटेज एविएशन द्वारा किया जाएगा।

यह हेली सेवा न केवल सीमांत क्षेत्रों में आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को भी बड़ा लाभ पहुंचाएगी। पर्यटन को भी इससे नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है, खासकर मुनस्यारी और धारचूला जैसे दुर्गम इलाकों में।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button