उत्तराखंड में सड़क हादसा: बारात में शामिल होकर लौट रही कार खाई में गिरी, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर शाम एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार लोक निर्माण विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी और उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक नगर के बजेटी निवासी 38 वर्षीय योगेश आर्या पुत्र जीवन राम अपनी पत्नी 26 वर्षीय निधि राज के साथ रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गंगोलीहाट गए थे। रविवार को बारात गंगोलीहाट से लोहाघाट गई। दोनों बाराती बनकर लोहाघाट पहुंचे। शाम के समय दोनों कार में लोहाघाट से सीधे पिथौरागढ़ अपने घर के लिए रवाना हुए। देर शाम जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर पहले मटेला बेंड के समीप कार बेकाबू होकर 250 मीटर दूर खाई में गिर गई। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम को खाई में योगेश और उनकी पत्नी निधि के शव पड़े हुए मिले। घाट चौकी प्रभारी जितेंद्र सौराड़ी ने बताया कि शवों को मोर्चरी में रखा गया है। दुर्घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है।



