
“एक कोना कक्षा का” अभियान की धूम विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समा 100 बच्चों को फूलदेई पुरस्कार से नवाजा गया
देहरादून। प्रमुख साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था “धाद” ने बच्चों में भाषा और साहित्य की समझ विकसित करने का बीड़ा उठाया है। इस बड़े उद्देश्य को साकार करने के लिए संस्था ने एक अनूठा अभियान “एक कोना कक्षा का” शुरू किया है।
अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षाओं के एक कोने में साहित्यिक किताबें रखी जाती हैं, ताकि बच्चे पढाई के साथ ही इन किताबों को भी पढ़ सकें। इससे विद्यार्थियों में भाषा और साहित्य के प्रति रुचि पैदा हो सकेगी। हाल ही में “एक कोना कक्षा का” की ओर से संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में ‘फूलदेई-26 सृजन का बाल पर्व” समापन समारोह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की बौछारों के साथ धूमधाम से मनाया गया।
समारोह में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लाल तप्पड़ व गलज्वाड़ी और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अजबपुर के विद्यार्थियों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। कोना कक्षा कार्यक्रम की संयोजक आशा डोभाल ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट पेश की। इस दौरान रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 बच्चों को प्रतिष्ठित फूलदेई पुरस्कार से सम्मानित किया गया।



