अपराधउत्तराखंड

मोबाइल चलाने के विवाद में मजदूरों पर फायरिंग, चार युवक फरार

रुड़की।रविवार सुबह रुड़की के सिविल लाइंस क्षेत्र में मामूली कहासुनी ने उस समय खौफनाक रूप ले लिया जब मकान में काम कर रहे दो मजदूरों पर चार युवकों ने तमंचे से फायर झोंक दिए। गनीमत रही कि दोनों मजदूर मकान के अंदर छिप गए और बाल-बाल बच गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव बिझौली निवासी अमजद और गुलशेर सत्ती मोहल्ला स्थित बादशाह होटल के पास एक मकान में पत्थर लगाने का काम कर रहे थे। बताया गया है कि काम के दौरान दोनों मोबाइल चला रहे थे, जिस पर साथ में काम कर रहे तेलीवाला गांव के एक युवक ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

आरोप है कि युवक ने फोन कर अपने तीन साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में चारों युवकों ने मिलकर मजदूरों पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर कर दिए। गोली चलते ही आसपास दहशत फैल गई और दुकानदार बाहर निकल आए। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें घटना रिकॉर्ड मिली है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दे दी है।कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और उनकी तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button