अपराधउत्तराखंड

हल्द्वानी: सास-ननद की प्रताड़ना से तंग गर्भवती ने दी जान, गर्भस्थ शिशु की भी मौत

हल्द्वानी में सास-ननद की प्रताड़ना से तंग आकर छह माह की गर्भवती महिला ने आत्महत्या कर ली, जिससे उसके गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई।

हल्द्वानी। सास की प्रताड़ना के चलते दमुवाढूंगा क्षेत्र में छह माह की गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे गर्भवती के पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने सास के साथ ही ननद पर भी दहेज हत्या व उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कर दी है।

चार साल पहले हुई थी शादी

पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट निवासी संजय कुमार ने काठगोदाम थाना में दी तहरीर में कहा कि करीब चार वर्ष पहले उसकी 24 वर्षीय बहन मनीषा देवी का विवाह दमुवाढूंगा के मल्ला प्लाट निवासी संतोष कुमार के साथ हुआ था। आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उसकी बहन को दहेज की मांग और अन्य छोटी-छोटी बात को लेकर सास नन्दी देवी व ननद चम्पा मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थीं।

परिवार के अन्य लोगों की ओर से कई बार समझाने के बावजूद दोनों का व्यवहार नहीं बदला और मनीषा को लगातार परेशान किया जाता रहा। एक जून की दोपहर ससुराल पक्ष ने उन्हें फोन कर बताया कि मनीषा की तबीयत खराब है और उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्वजन अस्पताल पहुंचे तो मनीषा की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें जानकारी दी कि महिला ने आत्महत्या की है। भाई ने बताया कि बहन ने आत्महत्या करने से पहले मोबाइल में एक वीडियो बनाया है। जिसमें उसने सास और ननद की ओर से मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता से लेते हुए काठगोदाम पुलिस ने सास नन्दी देवी और ननद चम्पा के खिलाफ दहेज हत्या, दहेज उत्पीड़न में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सिटी अमित कुमार ने कहा कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button