उत्तराखंडदेहरादून

मसूरी में फर्जी वीआईपी कल्चर पर पुलिस की कार्रवाई, हूटर-बत्ती लगी लग्जरी कार सीज

मसूरी: पर्यटन सीजन के बीच मसूरी पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नियम तोड़ने वालों पर सख्ती तेज कर दी है। लाइब्रेरी चौक पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने लाल-नीली फ्लैशलाइट, हूटर और काले शीशों वाली एक लग्जरी कार को सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, कैंपटी रोड की ओर से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की कार पर लगी फ्लैशलाइट और हूटर देखकर वाहन को रोककर जांच की गई। पूछताछ के दौरान चालक ने खुद को केंद्रीय मंत्रालय का अधिकारी बताकर पुलिस पर रौब जमाने की कोशिश की, लेकिन वह वाहन के वैध दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखा पाया।

जांच में सामने आया कि कार पर अवैध काली फिल्म लगी हुई थी और चालक चप्पल पहनकर वाहन चला रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने स्वीकार किया कि उसने ट्रैफिक जाम और टोल टैक्स से बचने के साथ वीआईपी ट्रीटमेंट पाने के लिए वाहन पर हूटर और फ्लैशलाइट लगाई थी।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही हूटर और फ्लैशलाइट हटवाकर वाहन को सीज कर दिया। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि फर्जी वीआईपी कल्चर और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती जरूरी है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button