उत्तराखंड

हल्द्वानी: पुलिस से बदसलूकी कर फरार हुआ युवक गिरफ्तार, CCTV से पकड़ा गया

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले एक आरोपी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 की रात कोतवाली हल्द्वानी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तिकोनिया स्थित ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस द्वारा वाहन का चालान किए जाने की कार्रवाई के दौरान चालक ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” तक की धमकी दी।

बताया गया कि आरोपी पुलिस के आदेशों की अवहेलना करते हुए मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। मामले में उपनिरीक्षक आरती की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 154/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से फरार आरोपी लवजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी भवान सिंह नवाड़, लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK 18B 1989 को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी अथवा लोकसेवक के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button