उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून समेत कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली को लेकर मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए कई जिलों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

देहरादून : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में जहां मौसम सुहावना बना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 5 जून को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा राज्य के शेष पर्वतीय जिलों के साथ-साथ हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।

तापमान में अस्थायी राहत, फिर बढ़ोतरी के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। फिलहाल पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।

6 जून तक मौसम रहेगा अस्थिर

6 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।

7 जून से मौसम में आंशिक सुधार के संकेत हैं। इस दिन पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

8 जून को अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। साथ ही पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

जिलावार तापमान (रिकॉर्ड)

देहरादून: अधिकतम 36.2°C, न्यूनतम 23.4°C
पंतनगर: अधिकतम 37.5°C, न्यूनतम 23.5°C
मुक्तेश्वर: अधिकतम 19.4°C, न्यूनतम 14.6°C
नई टिहरी: अधिकतम 25.5°C, न्यूनतम 15.6°C

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button